top of page

Dhoni: धौनी की बेटी को धमकी देने वाला गुजरात के कच्छ से धराया





रांची । चेन्नई सुपर किंग्स के आईपीएल में खराब प्रदर्शन को बहाना बना सोशल मीडिया पर महेंद्र सिंह धौनी के परिवार के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में रांची पुलिस हरकत में है। रविवार को रातू थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि आरोपित गुजरात के कच्छ जिले का है। इस मामले में गुजरात पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार भी कर लिया है। जल्द रांची पुलिस की टीम आरोपित से पूछताछ करेगी। वहीं, इस घटना के बाद रातू थाना अंतर्गत सिमलिया स्थित धौनी के घर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मालूम हो कि बीते गुरुवार को धौनी की पत्नी साक्षी के सोशल मीडिया अकाउंट पर एक सिरफिरे ने धमकी भरा पोस्ट लिखा था।




जिसके बाद उनके दोनों सिमलिया व हरमू स्थित आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। वहीं, झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) व पूर्व क्रिकेटरों ने इस घटना की निंदा करते हुए दोषी के गिरफ्तारी की मांग की थी। गौरतलब है कि महेंद्र सिंह धौनी अभी दुबई में हो रहे आइपीएल में व्यस्त हैं।

इधर, इस घटना पर झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के वरीय उपाध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने कड़ी निंदा करते हुए दोषी की गिरफ्तारी की मांग की थी। शाहदेव ने कहा कि वर्तमान में सोशल मीडिया काफी जहरीली हो चुकी है। बददिमाग लोग किसी पर भी बिना सोचे-समझे कीचड़ उछालने और अमर्यादित टिप्पणी करने से बाज नहीं आते हैं। हालांकि अब सिरफिरा पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है।

0 views0 comments
Post: Blog2_Post
bottom of page